TRENDING NEWS
👉 8 वर्षों से भरोसे का नाम – अलर्ट भारत न्यूज़ पोर्टल | 6 वर्षों से जनसेवा में समर्पित अलर्ट भारत समाचार पत्र | भारत सरकार से पंजीकृत समाचार पत्र का RNI नं. RAJHIN/2021/86001 | निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता का संकल्प | आपकी आवाज़, हमारी पहचान – अलर्ट भारत।

राजस्थान में बड़ा हादसा: सड़क निर्माण के दौरान 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 5 झुलसे; गांव में आक्रोश

By
On: November 2, 2026 5:04 PM
हमें फॉलो करें:

Whatsapp Channel

Join Now

फेसबुक से जुड़े

Join Now

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क निर्माण कार्य के दौरान भीषण हादसा हो गया। रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। मशीन में करंट फैलने से काम कर रहे 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर झुलस गए। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया मशीन का जैक
जानकारी के अनुसार, सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। इसके बाद मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जनसहयोग से बन रही थी सड़क
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में सड़क निर्माण का काम जनसहयोग से कराया जा रहा था। इसके लिए ग्रामीणों ने खुद पैसे एकत्र किए थे। पिछले तीन-चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन बीच-बीच में रुकावटों के कारण काम बंद हो जाता था। सोमवार को ग्रामीणों के आग्रह पर ठेकेदार विष्णु सैनी ने दोबारा काम शुरू कराया था।
हादसे के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य को पहले भी दो बार बंद करवाया गया था। उनका कहना है कि गांव के लोगों ने अपने स्तर पर सड़क बनवाने के लिए राशि जुटाई, इसके बावजूद उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और प्रत्येक परिवार को 2 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि आगे की कार्रवाई और मुआवजे को लेकर गांव की कमेटी के साथ चर्चा की जाए।
कलेक्टर-एसपी सहित जनप्रतिनिधि पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, विधायक भगवानाराम सैनी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी और गुर्जर नेता रविंद्र सिंह भड़ाना सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया।
हादसे में इन 8 लोगों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
हरिराम गुर्जर (30), निवासी हालेड़ा मंडावरा
मंगलचंद गुर्जर (22), निवासी हालेड़ा मंडावरा
कालूराम गुर्जर (29), निवासी हालेड़ा मंडावरा
पवन गुर्जर (23), निवासी हालेड़ा मंडावरा
विष्णु सैनी (38), निवासी छापोली
सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), निवासी छापोली
मुकेश सैनी (27), निवासी छापोली
फतेहचंद सैनी (32), निवासी छापोली
मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मृतकों के आश्रितों को संविदा पर सरकारी नौकरी देने और प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं होता, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में सड़क निर्माण के दौरान हुई इस दुर्घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

 

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें