बीकानेर। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बिछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण एवं वन संरक्षण का संदेश देते हुए 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानिरीक्षक पुलिस, रेंज बीकानेर ओम प्रकाश रहे। वहीं आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार एवं जिला कलेक्टर निशांत जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन विभाग के बीकानेर जिले के प्रभारी एवं मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ), जयपुर आर.के. खैरवा ने की।
पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी
मुख्य अतिथि ओम प्रकाश ने वन महोत्सव के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।


बच्चों की प्रस्तुतियों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
कार्यक्रम में राजकीय विद्यालय, आईजीएनपी के विद्यार्थियों ने नाटक एवं लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दिया।
पंच गौरव का किया प्रदर्शन
वन महोत्सव के दौरान बीकानेर के पंच गौरव का प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से जिले की विशिष्ट पहचान के साथ प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से उपस्थित अतिथियों एवं लोगों को परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में बीडीए कमिश्नर स्नेहल नाना, नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, आईएएस स्वाति शर्मा, आईएएस मनु गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, वनकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






