बीकानेर। पावर ग्रिड भडला के बज्जू कार्यालय में एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी, सोने की चेन और बोलेरो गाड़ी लूटने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर बज्जू पुलिस थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार जेगला, नोखा निवासी प्रदीप पुत्र शिवरतन बिश्नोई ने परिवाद में बताया कि वह पावर ग्रिड भडला के बज्जू ऑफिस में बैठा था। इसी दौरान सोनू उर्फ योगेश पुत्र मूलचंद सारण निवासी पवनपुरी, बीकानेर, मुरली कस्वा निवासी रामसर, बीकानेर सहित तीन अन्य लोग उसके पास आए और उसे बाहर चलने के लिए कहा। परिवाद के मुताबिक बाहर आते ही आरोपियों ने अचानक प्रदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब से 30 हजार रुपये और सोने की चेन निकाल ली गई तथा बोलेरो की चाबी छीनकर गाड़ी भी लेकर आरोपी फरार हो गए। प्रदीप ने आरोप लगाया कि उस पर योजनाबद्ध तरीके से जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। परिवादी के अनुसार उसने घटना के दिन बज्जू थाने में शिकायत दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक बीकानेर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, लेकिन वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर बज्जू थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







