बीकानेर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू सहित पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में 15 अक्टूबर को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम में बदलाव से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, अलवर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़ और सीकर में ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 और 16 अक्टूबर को कई जिलों में अलर्ट
जयपुर और भरतपुर संभाग सहित कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग में भी मौसम बदल सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क होने की संभावना है।
बीकानेर में फिर बदलेगा मौसम! आंधी-बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ी चिंता






