बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने घर पर फायरिंग करने और वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोप हैं। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को संतोष बिश्नोई, लक्की बिश्नोई, सुरेंद्र सिंह उर्फ धोलू (हरियाणा), विष्णु बिश्नोई, बजरंग चांडासर, मुकेश बिश्नोई सहित अन्य लोग बोलेरो और स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर परिवादी कौशल के घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने घर पर फायरिंग की। इसके बाद घर के बाहर खड़ी कार को बोलेरो और कैंपर गाड़ियों से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में मुक्ताप्रसाद नगर थाने में मुकदमा संख्या 281/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जयसुखराम देहड़ू उर्फ लक्की बिश्नोई निवासी जेसला, थाना नोखा, बीकानेर तथा गोपीराम भार्गव निवासी गणगौर स्कूल के पास, थाना मुक्ताप्रसाद नगर, बीकानेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जयसुखराम के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बीकानेर में घर पर फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार






