बीकानेर। बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सितंबर माह तक कुल 833.69 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में मंडल की कुल आय 744.10 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार मंडल की आय में 89.59 करोड़ रुपये यानी 12.04 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के मार्गदर्शन एवं सभी विभागों के बेहतर समन्वय से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री किराया आय से लेकर माल ढुलाई और अन्य विविध स्रोतों तक मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यात्री सुविधाओं में सुधार, प्रभावी कार्यप्रणाली और समयपालनता को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
यात्री किराया आय में 13.94 प्रतिशत की वृद्धि
बीकानेर रेल मंडल को वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बिक्री से 341.24 करोड़ रुपये की आय हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में यह आय 299.49 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार यात्री किराया आय में 13.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
माल ढुलाई से 291.69 करोड़ रुपये की आय
मालभाड़े से मंडल को सितंबर 2026 तक 291.69 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 273.86 करोड़ रुपये था। इस मद में 6.51 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मंडल द्वारा औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लगातार संवाद किया जा रहा है। साथ ही माल ढुलाई की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुधार भी किए जा रहे हैं।
अन्य स्रोतों से भी बढ़ी कमाई
मंडल को अन्य कोचिंग सेवाओं से 35.49 करोड़ रुपये की आय हुई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 34.09 करोड़ रुपये के मुकाबले 4.11 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, अन्य विविध स्रोतों से 165.27 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष में इसी अवधि के दौरान यह आय 136.66 करोड़ रुपये थी। इस मद में 20.94 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
259 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
बीकानेर रेल मंडल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 259.04 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 251.70 लाख यात्रियों ने सफर किया था। इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 2.92 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 96.45 प्रतिशत
यात्री सुविधाओं के साथ समय पर ट्रेन संचालन के मामले में भी मंडल का प्रदर्शन बेहतर रहा है। सितंबर 2026 में मंडल पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 96.45 प्रतिशत दर्ज की गई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, माल परिवहन को प्रोत्साहित करने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। मंडल की आय और यात्री संख्या में हुई वृद्धि को इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।






