बीकानेर। देर रात यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। गनीमत रही कि यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना महाजन थाना क्षेत्र में लालेरा बस स्टैंड के पास की है। जोधपुर से गंगानगर जा रही स्लीपर बस बुधवार देर रात करीब दो बजे यहां पहुंची थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और आनन-फानन में सभी को बस से बाहर निकालने की कोशिश की गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और जलकर खाक हो गई।








