बीकानेर। बीकानेर के चिकित्सा जगत के लिए गौरव की खबर है। पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक एवं चर्म रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बी.सी. घीया को भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन (आईएडीवीएल) की राजस्थान शाखा का अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है। बीकानेर में आयोजित 47वें राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘क्यूटिकॉन-राज 2026’ के दौरान उनके नाम पर सहमति बनी। डॉ. दीपक माथुर और डॉ. दिलीप कच्छावा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
डॉ. घीया वर्तमान में पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक के साथ चर्म रोग विभागाध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के साथ अब वे राजस्थान में चर्म रोग विशेषज्ञों के संगठन का नेतृत्व भी करेंगे। उनके मनोनयन को बीकानेर के चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
24 और 25 अक्टूबर को बीकानेर में आयोजित दो दिवसीय ‘क्यूटिकॉन-राज 2026’ सम्मेलन में चर्म रोगों के उपचार की आधुनिक तकनीकों, नवीनतम चिकित्सा शोध और विशेषज्ञों के अनुभवों पर चर्चा की गई। डॉ. घीया ने सम्मेलन के आयोजन प्रमुख के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजस्थान शाखा के अध्यक्ष के रूप में डॉ. घीया के सामने चर्म रोग विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, चिकित्सा क्षेत्र में नवीन शोध को प्रोत्साहित करने और विशेषज्ञों के ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की अहम जिम्मेदारी होगी।








