बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए एक युवक की पांच दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। 19 अक्टूबर को गुसाईंसर बस स्टैंड के पास एक बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उसे बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, उत्तमामदेसर निवासी रामनारायण मेघवाल का 30 वर्षीय बेटा राकेश मोटरसाइकिल से बीकानेर से गोपालसर की ओर जा रहा था। गुसाईंसर बस स्टैंड के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी और फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से आई एक बस के चालक ने लापरवाही बरतते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां पांच दिन तक उसका इलाज चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत के बाद उसके पिता रामनारायण मेघवाल ने नापासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाधिकारी कविता पूनिया के निर्देश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई जगदीश कुमार सुजनी को सौंपी गई है।






