बीकानेर। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीकानेर में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की केंद्रीय खाद्य सुरक्षा टीम ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गोदाम से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया है। सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल और ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों का तेल शामिल है। टीम ने एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए।
गोदाम से 22 हजार किलो तेल सीज
खाद्य सुरक्षा दल ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स लक्ष्मी नारायण भंवर लाल के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य तेल के तीन नमूने भी लिए गए। नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ सनफ्लावर ऑयल की लेबलिंग और प्रचार से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
दो अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा टीम ने मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर नारियल पेड़ा का एक नमूना लिया। वहीं, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स श्री बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई का निरीक्षण कर दो खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
इस तरह एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों से कुल 6 नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।
दीपावली पर मिलावटखोरों पर विभाग की नजर
दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग खाद्य तेल, घी, मावा, मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रख रहा है। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री की जांच की जा रही है।
विभाग के अनुसार, खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, भ्रामक लेबलिंग और अनुचित प्रचार पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें खाद्य पदार्थों को सीज करने, लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने तथा गंभीर मामलों में अभियोजन की कार्रवाई भी शामिल है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों और पैकेजिंग एवं लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।






