बीकानेर। दीपावली के त्योहार पर बीकानेर के प्रमुख चौराहे और सार्वजनिक स्थल रोशनी व आकर्षक सजावट से जगमगाते नजर आएंगे। शहर को उत्सवी रंग में रंगने और दीपावली की रौनक बढ़ाने के लिए टेंट हाउस एसोसिएशन ने आगे आते हुए विभिन्न स्थानों पर अपने स्तर पर सजावट करने की सहमति दी है। इस पहल से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही दीपोत्सव पर बीकानेर का नजारा भी खास होगा।
इस संबंध में सोमवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना की अध्यक्षता में टेंट हाउस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने तथा दीपावली पर शहर को नया और भव्य स्वरूप देने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में आयुक्त नाना ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष निशान्त जैन के निर्देशानुसार दीपावली पर विशेष साज-सज्जा की योजना बनाई गई है। उन्होंने शहर की सुंदरता बढ़ाने के इस अभियान में विभिन्न संस्थाओं और औद्योगिक इकाइयों से भी सहयोग की अपील की।
सजावट में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान
टेंट हाउस एसोसिएशन के सदस्यों ने शहर के अलग-अलग चौराहों और निर्धारित स्थानों पर अपने स्तर पर सजावट करने की सहमति जताई। खास बात यह है कि इस पहल में उत्कृष्ट सजावट करने वाले टेंट हाउस व्यवसायियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
सामूहिक सहभागिता से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर दीपावली की चमक बढ़ने की उम्मीद है। इस पहल से न केवल शहरवासियों को आकर्षक सजावट देखने को मिलेगी, बल्कि बीकानेर आने वाले लोगों के लिए भी दीपोत्सव का माहौल यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।








