बीकानेर। शहर में नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन की टक्कर से मंदिर के दर्शन कर घर लौट रहे केशव दत्त आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नयाशहर थाना क्षेत्र में गोकुल सर्किल के पास भैरव मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। घायल के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों को उनकी सर्जरी करनी पड़ी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जवाहर नगर निवासी डॉ. शरद आचार्य ने 1 नवंबर को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनके ताऊजी केशव दत्त आचार्य सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान कचरा संग्रहण वाहन संख्या RJ 21 GF 7569 ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
शिकायत में वाहन चालक पर तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि हादसे के बाद चालक घायल की सुध लिए बिना वाहन लेकर आगे निकल गया।
सिर में गंभीर चोट, कई घंटे चली सर्जरी
टक्कर इतनी गंभीर थी कि केशव दत्त आचार्य के सिर में गहरी चोट आई और काफी खून बह गया। परिजनों के अनुसार, चिकित्सक डॉ. दिनेश सोढ़ी ने उनकी करीब तीन से चार घंटे तक सर्जरी की। उनके दाएं पैर में भी चोट आने के कारण टांके लगाने पड़े। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
परिवादी ने शिकायत में नगर निगम के ठेकेदार, वाहन चालक, ठेका कंपनी और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। नयाशहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई हंसराज को सौंपी गई है। पुलिस अब हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।









