बीकानेर, 5 नवंबर। बिहार के पटना में आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। 1 से 4 नवंबर तक चली प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने हरियाणा को 50-44 से हराकर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। राजस्थान की इस गौरवशाली जीत में बीकानेर के खिलाड़ी प्रेमसुख ने अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान प्रेमसुख ने अपनी खेल प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने विभिन्न मुकाबलों में टीम के लिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए और राजस्थान को चैंपियन बनाने में अपना योगदान दिया। राजस्थान की टीम ने प्रतियोगिता में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब तक का सफर तय किया। टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश को 46-34 से, क्वार्टर फाइनल में बिहार को 59-28 से तथा सेमीफाइनल में तमिलनाडु को 52-25 से हराया। इसके बाद फाइनल में हरियाणा को 50-44 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले राजस्थान राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में किया गया था। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया। इसी प्रतियोगिता के आधार पर चयनित राजस्थान की टीम ने पटना में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि बीकानेर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद राजस्थान की टीम की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। प्रेमसुख की सफलता से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह गहलोत प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और कबड्डी खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत हैं। वर्ल्ड कबड्डी संघ के स्तर पर भी इस खेल को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। खेल संगठनों के सहयोग और निरंतर प्रयासों से प्रदेश में कबड्डी को नई मजबूती मिल रही है।राजस्थान की इस उपलब्धि पर जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राजेन्द्र सिंह राठौड़, सचिव जितेन्द्र सिंह राठौड़ (खाजूवाला), दानवीर सिंह भाटी, पूर्व सरपंच राजपाल कुल्हरी, कोषाध्यक्ष दिलकान्त सिंह माचरा, मकबूल हुसैन सोढ़ा, ऋषि मोहन जोशी, सुरेश कुमार व्यास, भैरुरतन ओझा, रेखाराम भाम्भू, सीताराम सियाग, भगीरथ गोदारा, शीशपाल सिंह शेखावत एवं पुरन सिंह राठौड़ सहित संघ के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने प्रेमसुख को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








