बीकानेर। शहर के ऐतिहासिक जूनागढ़ किले के सामने स्थित तीन मंदिर देर रात चोरों के निशाने पर आ गए। अज्ञात बदमाश संतोषी माता, हनुमानजी और अंजनी माता मंदिर के ताले तोड़कर नकदी, चांदी के छत्र, सोने की नथ और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। एक ही परिसर में तीन मंदिरों में हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब पुजारी विमल गौतम नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां ताले टूटे हुए थे और मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्होंने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी और मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि इन मंदिरों में करीब डेढ़ पहले भी चोरी की वारदात हुई थी। पिछली घटना का खुलासा नहीं होने के बीच एक बार फिर मंदिरों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा और रात के समय पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है। पुलिस फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल के सामने स्थित मंदिरों में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।









