बीकानेर। कोडमदेसर भैरूंनाथ मंदिर के पास होटल पर चाय पी रहे युवकों पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपियों ने युवकों की गाड़ियों को भी टक्कर मारी और स्कॉर्पियो पर गोलियां चलाईं। मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी अमित बिश्नोई ने रिपोर्ट दी कि 1 नवंबर को वह अपने दोस्तों के साथ बोलेरो और स्कॉर्पियो गाड़ियों में कोडमदेसर भैरूंनाथ मंदिर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद सभी मंदिर के पास एक होटल पर बैठकर चाय पी रहे थे।इसी दौरान फॉर्च्यूनर, दो पिकअप और दो कैंपर गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि संतोष, मुकेश बिश्नोई, विष्णु और हरियाणा निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ धोलू पिस्टल लेकर गाड़ियों से उतरे और युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से घबराए अमित और उसके दोस्तों ने मौके से भागकर जान बचाई। आरोपियों ने उनका पीछा करते हुए कैंपर से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं, स्कॉर्पियो को भी निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर वहां से फरार हो गए। घटना के दौरान आरोपियों की एक कैंपर गाड़ी खराब हो गई, जिसे वे मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। गजनेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










