बीकानेर, 3 नवंबर। राजस्थान के युवा साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का मान बढ़ाया है। झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में हरिप्रकाश अब तक दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट स्पर्धा में हरिप्रकाश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 मिनट 37 सेकंड में रेस पूरी की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी तेज रफ्तार, शानदार तकनीक और दमदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में राजस्थान को खास पहचान दिलाई। इस स्पर्धा से पहले भी हरिप्रकाश एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं। कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने बताया कि हरिप्रकाश की इस सफलता के पीछे लंबे समय से की जा रही कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति उनका समर्पण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ने राष्ट्रीय मंच पर जिस तरह अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है, वह प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। भाम्भू ने कहा कि राजस्थान में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर देने की। हरिप्रकाश की यह उपलब्धि निश्चित रूप से प्रदेश के युवा साइकिलिस्टों का उत्साह बढ़ाएगी।हरिप्रकाश की सफलता पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयाल राम सारण, राजेंद्र बिश्नोई, प्रशिक्षक जेठाराम गाट, सुरेंद्र कुकणा, मुनीराम गोदारा, पेमाराम जाट, महावीर कुकणा, सुंदर बिश्नोई, रामप्रसाद जाट और विजय कुमार सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जाहिर की। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।














