बीकानेर। भारतमाला रोड के नजदीक अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे के इंटरचेंज पर सोमवार को एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में बिनौला खल भरी हुई थी, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गई। दुर्घटना में ट्रक चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक हनुमानगढ़ की तरफ से बीकानेर आ रहा था। इसी दौरान इंटरचेंज पर पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक सड़क पर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया। ट्रक के पलटने से उसमें भरी बिनौला खल सड़क किनारे दूर तक फैल गई। दुर्घटना के दौरान आसपास से गुजर रहा कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। चालक और खलासी को भी चोट नहीं आई।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।









