बीकानेर। पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी निभा रहे एक पुलिसकर्मी की अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार रात चुनावी ड्यूटी के दौरान हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल कुलड़िया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
घटना चूरू जिले की राजगढ़ पंचायत समिति के ढंढाल लेखु गांव की है। तारानगर तहसील के देवगढ़ गांव निवासी भंवरलाल कुलड़िया राजगढ़ थाने में ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। पंचायत चुनाव को लेकर उनकी तैनाती ढंढाल लेखु गांव में की गई थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात ड्यूटी के दौरान भोजन करते समय उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई और तबीयत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मी बिना देरी किए उन्हें राजगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हेड कॉन्स्टेबल के निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक छा गया। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उनके आकस्मिक निधन पर दुख जताया। पुलिस ने शव को राजगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।









