बीकानेर। शहर की साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 5 नवंबर को कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक की रचनाकार उपन्यासकार एवं कथाकार रेणु बाला चौहान हैं। कार्यक्रम गुरुवार शाम 4 बजे महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में होगा। वी.आर. फाउंडेशन के अध्यक्ष विशाल सोलंकी ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार गोविन्द माथुर करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी तथा कवयित्री एवं कथाकार डॉ. मेघना शर्मा मौजूद रहेंगी। पुस्तक ‘अपराजिता’ पर समीक्षात्मक पत्रवाचन डॉ. नमामी शंकर आचार्य द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन संजय श्रीमाली करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस साहित्यिक आयोजन में शहर के साहित्यकारों, साहित्यप्रेमियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। समारोह के माध्यम से साहित्य और कहानी लेखन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा होगी।









