बीकानेर। मुरलीधर व्यास कॉलोनी में तीन भूखण्डों पर अवैध कब्जे की आशंका को लेकर विवाद सामने आया है। इस संबंध में दो महिलाओं ने बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और भूखण्डों को अतिक्रमण से बचाने की मांग की।
महिलाओं ने अपने ज्ञापन में बताया कि भूखण्ड संख्या 5-F-32 और 5-F-34 उनके नाम आवंटित हैं, जबकि इनके बीच 5-F-33 भूखण्ड स्थित है। आरोप है कि कुछ लोग तीनों भूखण्डों पर निर्माण सामग्री डालकर कब्जे की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया तो वहां अवैध निर्माण कर कब्जा किया जा सकता है। शिकायत पर बीडीए तहसीलदार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, बीडीए के जेईएन को शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। महिलाओं ने प्रशासन से भूखण्डों पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण और अतिक्रमण नहीं होने देने की मांग की है।








