बीकानेर। जामसर थाना पुलिस के दो जवानों पर खनिज से भरा ट्रक रोककर चालक से अभद्रता व धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले में गंगाशहर निवासी वाहन व पीओपी फैक्ट्री मालिक रामकुमार बिश्नोई ने पुलिस अधिकारियों को परिवाद देकर जांच की मांग की है। परिवाद में बताया कि 20 नवंबर की शाम नूसर फांटा के पास सादा वर्दी में आए दो पुलिसकर्मियों ने जिप्सम से भरा ट्रक रुकवाया। संगम कांटा पर वजन करवाने के दौरान माल अंडरलोड पाया गया और रवन्ना भी वैध बताया गया। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने ट्रक छोड़ने से इनकार कर दिया। आरोप है कि चालक के साथ अभद्रता कर उसे धमकाया गया तथा वाहन के दस्तावेज अपने साथ ले गए। परिवादी के अनुसार ट्रक पिछले चार दिनों से पुलिस के कब्जे में है। परिवादी ने सीसीटीवी फुटेज व जीपीएस रिकॉर्ड सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। वहीं, एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा ने बताया कि वाहन में ओवरलोड खनिज व अन्य कमियों के चलते आरटीओ को लिखा गया है। आरटीओ कार्यालय की ओर से मामले की जांच की जाएगी।








