बीकानेर। चलती ट्रेन में यात्री की चाकू से हत्या के मामले में जेल में बंद कोच अटेंडेंट जुबेर मेमन की दूसरी जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी। अपर सेशन न्यायाधीश संख्या-5 ने 26 नवंबर को सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। घटना 2-3 नवंबर 2025 की रात बठिंडा से बीकानेर आ रही ट्रेन में हुई थी। लूणकरणसर स्टेशन के बाद यात्री जिगर कुमार और कोच अटेंडेंट जुबेर के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर यात्री की हत्या कर दी थी। सुनवाई में बचाव पक्ष ने बीमारी और पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देकर जमानत मांगी, जबकि अभियोजन पक्ष ने विरोध किया। अदालत ने मामले की गंभीरता, महत्वपूर्ण गवाहों के बयान बाकी होने और आरोपी के खिलाफ पूर्व में 9 मामले दर्ज होने का हवाला देते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी।








