बीकानेर। साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति को नापासर थाना पुलिस ने राहत दिलाते हुए 15 हजार रुपए वापस करवाए हैं। ठगी की सूचना मिलते ही पुलिस ने रकम होल्ड करवाने की प्रक्रिया शुरू की और आवश्यक कार्रवाई के बाद पीड़ित को उसकी राशि वापस मिल गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थानाधिकारी कविता पूनियां के निर्देशन में की गई। साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने में कांस्टेबल ओमप्रकाश तर्ड की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अनजान कॉल, लिंक और मैसेज के जरिए बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस के मुताबिक, समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।








