बीकानेर। जिले में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने ओटीपी और फर्जी लिंक के जरिए दो लोगों के बैंक खातों से 5 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहला मामला सदर थाना क्षेत्र का है। धर्मनगर द्वार निवासी आनंद सारस्वत ने रिपोर्ट दी कि 16 नवंबर की शाम मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद उनका फोन हैंग हो गया। बाद में बैंक खाते की जांच करने पर 3 लाख 20 हजार 340 रुपये निकाले जाने का पता चला।
दूसरे मामले में रोशनी घर के पीछे महावीर भवन के पास निवासी मुकेश कुमार डागा ने बताया कि 20 नवंबर को उनके फूफाजी देवचंद भादाणी, निवासी इंदौर, के मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक करने के बाद खाते से 1 लाख 85 हजार 70 रुपये निकाल लिए गए।
दोनों मामलों में पुलिस साइबर ठगों की पहचान और लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से ओटीपी साझा नहीं करने और अनजान लिंक से बचने की अपील की है।








