बीकानेर। बीकानेर जिला परिषद में जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निकिता डूडी ने जीत दर्ज की है। डूडी ने निर्दलीय प्रत्याशी सरिता चौहान को 5 मतों से पराजित कर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया।
चुनाव में निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि सरिता चौहान के पक्ष में 18 मत पड़े। सरिता चौहान पूर्व मंत्री की बेटी हैं। कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था।
वहीं भाजपा के दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद मुकाबला निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच रह गया। चुनाव को लेकर जिला परिषद परिसर में दिनभर हलचल बनी रही। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते प्रशासन ने मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को मतगणना हुई, जिसमें निकिता डूडी को विजयी घोषित किया गया।







