बीकानेर: झोपड़ी में लगी भीषण आग, राशन-कपड़े और एक लाख की नकदी जलकर राख
छत्तरगढ़। छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की आरडी 636 के पास स्थित एक किसान के खेत में बनी झोपड़ी में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना में झोपड़ी में रखा राशन, चारपाई, कपड़े, जरूरी दस्तावेज तथा फसल बेचकर रखी गई करीब एक लाख रुपए की नकदी जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार सत्तासर सरपंच बरकत अली ने बताया कि किसान सुगनाराम बावरी के खेत में बनी झोपड़ी में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। घटना के समय सुगनाराम अपने परिवार सहित किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे, जबकि घर पर बच्चे मौजूद थे आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा पीडि़त किसान ने प्रशासन से राहत सहायता एवं उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।




