
आज दोपहर 12 बजे बीकानेर पहुंचेंगे डोटासरा और टीकाराम जूली, कलेक्ट्रेट के सामने होगी कांग्रेस की विशाल सभा

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहे ‘पीबीएम सुधारो अभियान’ के तहत आज (मंगलवार) बीकानेर में कांग्रेस की बड़ी सभा आयोजित होगी। सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली दोपहर 12 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। दोनों नेता सीधे जिला कलेक्ट्रेट के सामने आयोजित सभा स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस की ओर से कलेक्ट्रेट के सामने विशाल टेंट लगाकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को देहात कांग्रेस अध्यक्ष विशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, सभा प्रभारी चेतन डूडी सहित कई नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं पीबीएम अस्पताल में सुधार की मांग को लेकर धरना भी लगातार जारी है।
कांग्रेस इस सभा के जरिए पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार बीकानेर में लगातार दो दिनों तक होने वाले बड़े आयोजनों से जिले का सियासी माहौल गर्म हो गया है। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों में जुटने वाली भीड़ आगामी राजनीतिक समीकरणों और स्थानीय नेताओं के प्रभाव का भी संकेत दे सकती है।











