
पेट्रोल-डीजल पर लगी सभी पाबंदियां खत्म!, अब जितना चाहें भरवा सकेंगे ईंधन
बीकानेर। केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2026 से पेट्रोल और डीजल की खरीद पर लगाई गई सभी अस्थायी पाबंदियां हटाने का फैसला किया है। इसके बाद आम वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी। अब पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा भी समाप्त हो जाएगी।
सरकार ने 11 जून को ईंधन आपूर्ति पर संभावित दबाव और जमाखोरी की आशंका को देखते हुए कई अस्थायी प्रतिबंध लागू किए थे। उस समय अमेरिका-ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। इसी के चलते ब्लैक मार्केटिंग और डीजल के गलत उपयोग को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया था।
अब पेट्रोलियम मंत्रालय के नए आदेश के अनुसार 1 जुलाई से सभी प्रतिबंध समाप्त कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक (कॉमर्शियल) उपभोक्ता भी अब पहले की तरह सामान्य रिटेल पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल खरीद सकेंगे। पिछले 18 दिनों से इन उपभोक्ताओं को केवल बल्क सेल पॉइंट्स से ही ईंधन लेने की अनुमति थी।
सरकार का कहना है कि ईंधन आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे परिवहन, उद्योग और व्यापार से जुड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ ही ईंधन खरीद की प्रक्रिया भी पहले की तरह सामान्य हो जाएगी।












