बीकानेर। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर निशांत जैन ने की। कलेक्टर ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई केवल प्रशासन नहीं, बल्कि समाज, शिक्षण संस्थानों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी विभागों को जनजागरूकता अभियान तेज करने और एनडीपीएस एक्ट के तहत आने वाली दवाओं की वैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। तस्करों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है और अभियान आगे भी जारी रहेगा। एसपी ने बताया कि पुलिस ने नशा विरोधी हेल्पलाइन 87645-07201 जारी की है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति नशे की तस्करी या अवैध गतिविधियों की गोपनीय सूचना दे सकता है। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों, कोचिंग संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समन्वित अभियान चलाने पर सहमति जताई।








