बीकानेर। जिले के लूणकरणसर कस्बे में बुधवार सुबह एक सरकारी शिक्षक अपने किराए के मकान के बाहर घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने मकान के बाहर चौकी पर एक युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। इसके बाद उसे तत्काल लूणकरणसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार घायल की पहचान जयदीप निवासी भादरा के रूप में हुई है। वह सरकारी अध्यापक है और लूणकरणसर के कालू रोड स्थित ब्राह्मण महासभा के पास किराए के मकान में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिक्षक छत से गिरा है या किसी अन्य हादसे का शिकार हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अस्पताल में घायल शिक्षक की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।








