बीकानेर। शहरवासियों के लिए जल्द ही पीएम ई-बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के लिए प्रशासन ने 25 रूट प्रस्तावित किए हैं। हालांकि, अभी तक बसों का अधिकृत शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। ई-बस सेवा शुरू होने के बाद महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी से देशनोक और घड़सीसर से गंगाशहर सहित विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि अब तक चार ई-बसें बीकानेर पहुंच चुकी हैं, जबकि अन्य बसों के आने का इंतजार है। बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त से बस सेवा शुरू करने का फिलहाल कोई कार्यक्रम तय नहीं है। बीडीए सेक्रेटरी सिद्धार्थ ने बताया कि ई-बसों के रूट तय किए जा चुके हैं और जल्द ही संचालन शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित रूटों में शहर के प्रमुख अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शिक्षण संस्थान, औद्योगिक क्षेत्र और प्रमुख बाजारों को शामिल किया गया है। इसके अलावा देशनोक, नापासर, पलाना, उदयरामसर, सुजानदेसर और खारा जैसे बाहरी क्षेत्रों को भी ई-बस सेवा से जोड़ने की योजना है। सेवा शुरू होने के बाद शहर के लोगों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से बीकानेर आने-जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख बातें
बीकानेर में 25 रूट प्रस्तावित
चार ई-बसें पहुंच चुकी हैं
अन्य बसों के आने का इंतजार
शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।
बीकानेर में जल्द शुरू होगी पीएम ई-बस सेवा, 25 रूट प्रस्तावित






