बीकानेर। बीकानेर किराना मर्चेंट एसोसिएशन के स्नेह मिलन समारोह में शंकर लाल अग्रवाल को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। समारोह में मौजूद व्यापारियों एवं एसोसिएशन के सदस्यों ने अग्रवाल के नाम का समर्थन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने शंकर लाल अग्रवाल के अध्यक्ष चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल अनुभवी, सक्रिय, मृदुभाषी एवं सहज स्वभाव के व्यक्ति हैं। उनके नेतृत्व में किराना मर्चेंट एसोसिएशन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों के लिए सदैव तत्पर है और एसोसिएशन को हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और सभी सदस्यों को साथ लेकर एसोसिएशन को और मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
व्यापार मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने भी अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि वे कर्मठ, मिलनसार एवं विनम्र स्वभाव के धनी हैं। व्यापार मंडल में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालते हुए उन्होंने हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि अग्रवाल के अनुभव एवं कार्यकुशलता का लाभ किराना व्यापारियों को मिलेगा और एसोसिएशन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी, सचिव संजय जैन सांड, कोषाध्यक्ष रवि पुरोहित, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश अग्रवाल, मेघाराम गोदारा, परविंदर सिंह राठौड़ एवं कमल बोथरा, सह सचिव प्रेम जोशी, इमरान राठौड़, राम दयाल सारण एवं विलियम शर्मा तथा प्रचार मंत्री सुशील कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने शंकर लाल अग्रवाल के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जेठमल बोथरा, राजू नागौरी, विजय सिंह बैद, केदारनाथ अग्रवाल, भगवान अग्रवाल, कमल बैगानी, अमित पुगलिया, गणेश बोथरा, महावीर नाहटा, राजेन्द्र गोलछा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में किराना व्यापारी मौजूद रहे।
शंकर लाल अग्रवाल निर्विरोध बने बीकानेर किराना मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष







