बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल जाते समय पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक सड़क पर गिर गया और उसके दोनों पैर डंपर के पहियों की चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार मुरलीधर व्यास नगर निवासी भंवरलाल बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र रामनिवास करमीसर स्थित सरकारी स्कूल में अध्यापक है। 18 अगस्त की सुबह करीब 7:15 बजे रामनिवास मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके दोनों पैर डंपर के नीचे आ गए। हादसे में दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं और वे फ्रैक्चर हो गए। परिजनों की रिपोर्ट पर नयाशहर थाना पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई श्रवण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से शिक्षक गंभीर घायल, दोनों पैर फ्रैक्चर





