बीकानेर, 3 सितंबर। नगर निकाय चुनाव के तहत नामांकन वापस लेने की अवधि समाप्त होने के बाद वार्ड नंबर 13 में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। चार निर्दलीय प्रत्याशियों पुष्कर शर्मा, शिव सिंह राजपुरोहित, प्रद्युम्न सिंह सोढ़ा और ओम राजपुरोहित ने अपना नामांकन वापस लेकर डॉ. सुरेंद्र सिंह के समर्थन का ऐलान किया। चारों प्रत्याशियों ने एडीएम सिटी रीना के समक्ष उपस्थित होकर नामांकन वापस लिया। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने डॉ. सुरेंद्र सिंह को तन-मन-धन से समर्थन देने की घोषणा की। वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता पुष्कर शर्मा ने डॉ. सुरेंद्र सिंह के युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए वार्ड के विकास और जीत का अंतर बढ़ाने के उद्देश्य से समर्थन देने की बात कही। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता ओम राजपुरोहित ने ट्रिपल इंजन की सरकार और वार्ड के विकास को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया। युवा भाजपा नेता प्रद्युम्न सिंह सोढ़ा ने डॉ. सुरेंद्र सिंह की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता में विश्वास जताया। शिव सिंह राजपुरोहित ने मोहल्लेवासियों से रायशुमारी और चर्चा के बाद भाजपा प्रत्याशी के समर्थन का निर्णय लेने की बात कही। समर्थन जुटाने और समझाइश में भाजपा नेता अशोक भाटी, नवीन सिंह तंवर, विक्रम सिंह भाटी, महेश केशवानी, गजेंद्र सिंह लूंछ, नरपत सिंह शेखावत, राजेंद्र सिंह, गौरव सिंह कालीपहाड़ी, गजेंद्र यादव और बद्री प्रसाद तावणिया सक्रिय रहे।








