बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक ज्वैलर के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को हैदराबाद का बड़ा स्वर्ण व्यापारी बताकर एक दंपती ने विश्वास कायम किया और फिर 3 करोड़ 28 लाख 85 हजार 105 रुपये के सोने के कुंदन व जड़ाऊ आभूषण हड़प लिए। पीड़ित व्यापारी की रिपोर्ट पर गंगाशहर थाना पुलिस ने दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीएसटी सर्टिफिकेट और पहचान पत्र दिखाकर बनाया भरोसा
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गंगाशहर में नई लाइन स्थित चौपड़ा स्कूल के पास प्रतिष्ठान संचालित करने वाले किसनलाल सोनी ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में कांता सिरजा और उसका पति नवीन उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचे। दोनों ने खुद को हैदराबाद के अशोक नगर स्थित ‘श्री गोल्ड एंड डायमंड्स’ फर्म का संचालक बताया। आरोपियों ने जीएसटी प्रमाणपत्र और पहचान पत्र दिखाकर बीकानेर की प्रसिद्ध कुंदन व जड़ाऊ ज्वैलरी खरीदने में रुचि जताई।
शुरुआत में किया भुगतान, फिर करोड़ों के जेवर लिए
रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में व्यापारी ने 17.31 लाख रुपये के आभूषण दिए, जिसके बदले आरोपियों ने 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद मई और अगस्त 2026 में कई बार करोड़ों रुपये के आभूषण तैयार करवाए गए। आरोप है कि विश्वास बनाए रखने के लिए दंपती ने बीच-बीच में 4.99 लाख, 2.50 लाख और 10 लाख रुपये जैसी रकम बैंक खाते में जमा करवाई।
अप्रूवल के नाम पर लिया करीब 1.25 किलो सोना
पीड़ित के अनुसार, 19 अगस्त को आरोपियों ने तैयार आभूषण लेने के साथ करीब 1246.29 ग्राम सोना भी ‘अप्रूवल’ के नाम पर लिया। इस व्यवस्था में ग्राहक आभूषण पसंद आने पर उनका बिल बनवाता है। आरोप है कि बाद में बकाया भुगतान और अप्रूवल पर दिए गए माल की करीब 1.42 करोड़ रुपये की राशि मांगी गई, तो दंपती टालमटोल करने लगे। व्यापारी का आरोप है कि 2 अक्टूबर को बकाया राशि के लिए तकाजा करने पर आरोपियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि दंपती ने फर्म के जीएसटी पते को फर्जी बताते हुए रुपये नहीं लौटाने की बात कही और धमकी दी। पीड़ित ने कुल 3,28,85,105 रुपये के आभूषण हड़पने का आरोप लगाया है। फिलहाल गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बीकानेर में ज्वैलर से 3.28 करोड़ के सोने के जेवरात की ठगी का आरोप, हैदराबाद का व्यापारी बताकर जीता भरोसा







