बीकानेर। बीकानेर के लिए गर्व की बात है कि राजकीय सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के प्रधानाचार्य एवं आरएचएम, एशिया सिल्वर मेडलिस्ट विक्रम सिंह चौहान का चयन राष्ट्रीय मास्टर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता में वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय मास्टर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 19 से 23 जुलाई 2026 तक महाराष्ट्र के औरंगाबाद में होगा। विक्रम सिंह चौहान पहले ही राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्क्वाट स्पर्धा में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय चैंपियनशिप में ऑल ओवर टोटल और बेंच प्रेस में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना है। वर्तमान में बेंच प्रेस का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 163 किलोग्राम है, जबकि 200 किलोग्राम का कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाड़ी ने वर्ष 2013 में बनाया था। विक्रम सिंह चौहान इन दोनों रिकॉर्ड को तोड़ने के उद्देश्य से लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के राकेश पुरोहित का भी इस प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं राष्ट्रीय भारोत्तोलन स्वर्ण पदक विजेता गिरिराज व्यास भी राजस्थान की ओर से प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे। तीनों खिलाड़ियों से प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।








