बीकानेर। जिले के लूणकरणसर कस्बे में सोमवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-62 पर विश्वकर्मा मार्केट के पास राठौड़ ट्रेवल्स की एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में श्रीगंगानगर निवासी आठ माह के मासूम माधव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस जोधपुर से लुधियाना जा रही थी। इसी दौरान बस के सामने अचानक गौवंश आ जाने से चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स के महिपाल सिंह राठौड़, राकेश मूंड और प्रभुनाथ सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। विश्वकर्मा मार्केट के व्यापारियों, मिस्त्रियों और करणी जीव रक्षा दल के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल लूणकरणसर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया गया। राहत कार्य के दौरान टाइगर फोर्स ने अपनी एंबुलेंस के साथ एक अतिरिक्त वाहन किराये पर लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हादसे में मृत मासूम माधव अपनी मां रिशिका और छह वर्षीय बहन दिवांशी के साथ श्रीगंगानगर जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।








