बीकानेर। संस्कार पब्लिक स्कूल, वल्लभ गार्डन की छात्रा प्रशस्ति भटनागर ने स्पेल बी नेशनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 15वीं रैंक प्राप्त कर बीकानेर का नाम देशभर में रोशन किया है। कक्षा चतुर्थ की छात्रा प्रशस्ति बीकानेर की पहली छात्रा बन गई हैं, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की है।
स्पेल बी प्रतियोगिता देश की कठिन और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में मानी जाती है। राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद प्रशस्ति ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतियोगिता में देशभर के करीब 4,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें 15वीं रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विद्यालय की प्रधानाचार्य कविता शर्मा ने छात्रा की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास की सराहना करते हुए इस सफलता का श्रेय छात्रा, उसके अभिभावकों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास को दिया। वहीं विद्यालय की निदेशक पूजा गोयल ने विश्वास जताया कि प्रशस्ति भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, बीकानेर और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
इधर, संस्कार पब्लिक स्कूल के प्री-प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों ने भी लिटिल हैंड्स किंडर ओलंपियाड की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ, जहां उन्हें प्रमाण-पत्र और पदक से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित विद्यार्थियों में युवांश भाटिया, युवान वर्मा, अथर्व केशव, प्रियांक चौधरी, प्रियांशी परिहार, सान्वी खत्री, समृद्धि और प्रियल सुवांशिया शामिल हैं। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।








