बीकानेर। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को सफर के दौरान सीटों की उपलब्धता में परेशानी न हो, इसके लिए मंडल की ओर से 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। वहीं, त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने भी निगरानी और जांच व्यवस्था मजबूत कर दी है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में पटाखे, फुलझड़ियां, अनार, रॉकेट, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे प्रतिबंधित एवं खतरनाक सामान को यात्री कोच या पार्सल के माध्यम से ले जाने पर रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और पार्सल कार्यालयों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे कर्मचारियों की टीमें लगातार सक्रिय हैं। स्टेशनों पर एक्स-रे बैगेज स्कैनर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और डॉग स्क्वॉड की मदद से यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। रेलवे पुलिस के जवान प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार गश्त कर रहे हैं।

टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर, एटीवीएम से भी मिलेगी सुविधा
त्योहारों के दौरान टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) को सुचारू रखा गया है। डिजिटल भुगतान को आसान बनाने के लिए रेलवे की ओर से बारकोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।







