बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने दुकान से सामान खरीदने के बाद फर्जी Google Pay भुगतान दिखाया और सामान लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में भादाणी बास निवासी रामेश्वरलाल पुत्र सुखाराम जाट ने बताया कि पलाना स्थित उसकी जनसनाथ जनरल स्टोर पर दो युवक आए थे। दोनों ने दुकान से सामान खरीदा और ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। आरोप है कि युवकों ने Google Pay से भुगतान किए जाने का फर्जी स्क्रीनशॉट/भुगतान दिखाकर दुकानदार को भुगतान होने का विश्वास दिलाया। इसके बाद दोनों युवक सामान लेकर वहां से चले गए। बाद में भुगतान की जांच करने पर खाते में राशि नहीं पहुंचने पर धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हितेश रावत और लक्की, निवासी बीकानेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। देशनोक थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फर्जी Google Pay भुगतान दिखाकर दुकान से सामान ले गए दो युवक, मामला दर्ज







