बीकानेर। दीपावली के त्योहार पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। आमजन को जाम से राहत दिलाने और बाजारों में पैदल आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए 6 नवंबर की सुबह से 9 नवंबर की सुबह तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में चारपहिया और तिपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। सीओ ट्रैफिक शालिनी बजाज के अनुसार, केईएम रोड, कोटगेट, सट्टा बाजार, दाऊजी रोड, बड़ा बाजार और पुरानी गजनेर रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। त्योहार के दौरान महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और पैदल खरीदारी करने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

33 स्थानों पर होगी नाकाबंदी और बैरिकेडिंग
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए शहर के 33 संवेदनशील स्थानों पर बीडीए के सहयोग से बैरिकेडिंग की जाएगी। इनमें सार्दुल सिंह सर्किल, हनुमान मंदिर, अग्रसेन सर्किल, लालजी होटल, अणचाबाई हॉस्पिटल और कोटगेट सहित कई प्रमुख स्थान शामिल हैं। प्रतिबंधित इलाकों में स्थानीय निवासियों और दुकानदारों के दोपहिया वाहनों को भी यातायात पुलिस की ओर से जारी पास के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई होगी।
बसों और भारी वाहनों के लिए बदलेगा रास्ता
नोखा की ओर जाने वाली बसों और भारी वाहनों को रानी बाजार पुलिया से रोड नंबर-5, सिने मैजिक रोड होते हुए जैन कॉलेज तिराहे से नोखा रोड की तरफ भेजा जाएगा। वापसी में वाहन जैन कॉलेज तिराहे से सिने मैजिक रोड, रोड नंबर-5, चोपड़ा कटला और रानी बाजार पुलिया होकर निकलेंगे। वहीं, रानी बाजार चौराहे से रेलवे स्टेशन, गोगागेट सर्किल और माइको कंपनी होते हुए राजीव मार्ग तक एकतरफा यातायात व्यवस्था रहेगी। वापसी के लिए तीन और चार पहिया वाहनों को लालजी होटल से फोर्ट स्कूल के मुख्य द्वार, रेलवे आरक्षण केंद्र और मिलन स्वीट्स मोड़ की ओर निकाला जाएगा।
ऑटो चालकों और पैदल यात्रियों के लिए भी निर्देश
चौखूंटी फाटक से कोटगेट की तरफ आने वाले तिपहिया वाहनों को कसाईबारी स्थित एमआर होटल तक ही आने की अनुमति होगी। वहीं, फड़ बाजार से बी. सेठिया गली के बीच का पूरा रास्ता पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस हिस्से में किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन स्थानों पर कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
पुलिस प्रशासन ने बाजार आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें रतन बिहारी पार्क मैदान, राजीव मार्ग स्थित फोर्ट स्कूल मैदान, सादुल स्कूल (पाबू पाठशाला) और पुराना बस स्टैंड (सार्दुल सिंह सर्किल से हनुमान मंदिर रोड) शामिल हैं। सैन्य वाहनों के लिए सार्दुल सिंह सर्किल के पास अलग पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर रास्तों को बाधित न करें। साथ ही आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सहयोग से ही त्योहार के दौरान बाजारों में सुचारु यातायात और सुरक्षित खरीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।







