बीकानेर। राजस्थान पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। आरएसी, एसडीआरएफ, पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में कई नवपदोन्नत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की पोस्टिंग भी शामिल है। इनमें कई अधिकारियों को पहली बार नई जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश के अनुसार, रणवीर सिंह मीणा का बीकानेर से श्रीगंगानगर तबादला किया गया है। वहीं सुरेंद्र सिंह जाट को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध एवं सतर्कता की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में कैलाश चंद्र मीणा को चूरू-सुजानगढ़ से बीकानेर लगाया गया है। वहीं देवेंद्र सिंह का बीकानेर से चूरू-सुजानगढ़ तबादला किया गया है।
इसके अलावा नूर मोहम्मद को नागौर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसओजी, रतनगढ़ चूरू कैंप बीकानेर लगाया गया है। तबादला आदेश में सरकार ने 10 जुलाई 2026 के आदेश की क्रम संख्या 25 पर आनन्द सिंह राजपुरोहित के किए गए स्थानांतरण/पदस्थापन को भी निरस्त कर दिया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने और अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, बीकानेर से भी तबादले






