बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले एक महीने के दौरान पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 100 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले और उन्हें उनके असली मालिकों के सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25.30 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस ओम प्रकाश (आईपीएस) के मार्गदर्शन में रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल द्वारा CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से की गई। अभियान के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित विभिन्न क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में ऐसे मोबाइल भी मिले जो कुछ दिन पहले गुम हुए थे, वहीं कई मोबाइल ऐसे भी थे जो चार वर्ष पहले खो गए थे। आधुनिक तकनीक और लगातार प्रयासों के चलते इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना संभव हो सका।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में महानिरीक्षक पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुराधा कालिया (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युववेंद्रपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रह्लाद राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को तुरंत ब्लॉक कर उसकी लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।








