बीकानेर। लूणकरणसर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गैंगस्टर रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी का मकान रातों-रात जमींदोज होने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात मकान ध्वस्त होने की सूचना मिली। हालांकि, मकान किन परिस्थितियों में गिराया गया और इसके पीछे कौन लोग थे, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मकान गिराने की कार्रवाई में उसकी कोई भूमिका नहीं है। प्रशासन के इस बयान के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह तथा जिम्मेदार लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








