बीकानेर। जिला प्रभारी सचिव एवं पीएचईडी के प्रमुख सचिव हेमंत कुमार गेरा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनसुनवाई और विकास कार्यों के प्रति जवाबदेह बनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधीक्षण अभियंता प्रतिदिन संपर्क पोर्टल पर दर्ज कम से कम पांच शिकायतकर्ताओं से स्वयं बात कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में जल जीवन मिशन, अमृत 2.0, बजट घोषणाओं, कर्मभूमि से मातृभूमि योजना और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। गेरा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जल जीवन मिशन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बजट घोषणाओं और अमृत 2.0 के कार्यों में तेजी लाने, दूषित पेयजल संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा वीबी जीरामजी योजना के माध्यम से मरम्मत एवं रखरखाव कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों के प्रदर्शन की मॉनिटरिंग लक्ष्य और उपलब्धियों के आधार पर करने तथा कर्मभूमि से मातृभूमि योजना के लक्ष्य 31 अगस्त तक पूरे करने पर जोर दिया।








