हनुमानगढ़। राजस्थान में पंचायत चुनाव–2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया के तहत अपने प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न जिला प्रशासन को सौंपे। जिला चुनाव प्रभारी दीपक पारीक ने भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न जिला कलेक्टर कुशल यादव को सुपुर्द किए। जिले की 10 पंचायत समितियों और जिला परिषद के चुनाव को लेकर भाजपा संगठन अपनी तैयारियों में जुटा है। नोहर, भादरा, पीलीबंगा, राजपुरा और पल्लू सहित विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों को गति दी जा रही है। पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान जिला चुनाव प्रभारी मधुसूदन भिंडा, विधायक प्रतिनिधि प्रभु दयाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, चुनाव संचालन समिति के संयोजक आशीष पारीक, अमित जी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा पदाधिकारियों ने चुनाव में संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने और पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। पंचायत चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।







