नई दिल्ली। ट्रेन में रात के समय सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। 26 अक्टूबर को जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे को इस व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में ट्रेन के भीतर चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आई थी। इसके बाद कोच में धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे ने कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने और अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। यात्रियों को सलाह है कि वे रात होने से पहले अपने मोबाइल और जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज कर लें तथा खराब चार्जर और बैटरी वाले उपकरणों के इस्तेमाल से बचें।








