बीकानेर। छतरगढ़ वन मंडल क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। शीशम की हरी लकड़ी से भरा ट्रैक्टर-रेहड़ा जब्त करने के बाद आरोपियों ने गश्ती दल को घेर लिया। आरोप है कि टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। वहीं, मौके पर मौजूद महिला वनकर्मी को जातिसूचक और अश्लील गालियां देकर जब्त वाहन छुड़ाने का प्रयास किया गया। मामले में रावला थाना पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्त किया था ट्रैक्टर
रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव ड्यूटी के चलते क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने के लिए विशेष गश्त के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 27 अक्टूबर की शाम करीब 6:17 बजे वन विभाग की टीम ने 7 केपीडी के पास एक ट्रैक्टर-रेहड़े को रुकवाया। वाहन में शीशम की हरी लकड़ी के लट्ठे भरे हुए थे। चालक लकड़ी से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद टीम ने क्षेत्रीय अधिकारी को सूचना देकर ट्रैक्टर-रेहड़े को जब्त कर लिया और वनपाल नाका डंडी की ओर रवाना हो गई।
बाइकों पर आए 6-7 लोगों ने सरकारी गाड़ी को घेरा
आरोप है कि रात करीब 8 से 8:15 बजे के बीच 13 केपीडी स्थित जियावाली की ढाणी के पास बाइकों पर सवार होकर पहुंचे 6-7 लोगों ने वन विभाग की सरकारी गाड़ी को घेर लिया। इनमें अमनदीप सिंह और प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। आरोपियों ने जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास किया। वनकर्मियों के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
महिला वनकर्मी से जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप
घटना के दौरान महिला वनकर्मी के साथ जातिसूचक और अश्लील गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर रावला थाना पुलिस ने विभिन्न अधिनियमों के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








