बीकानेर। नोखा नगरपालिका के वार्ड संख्या 34 से निर्वाचित पार्षद आसुराम नायक के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक छा गया। उनके निधन की खबर मिलते ही वार्डवासियों और विकास मंच से जुड़े लोगों में दुख की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार को आसुराम नायक को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। उन्हें उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां हृदयाघात के चलते उनका निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह नोखा लाई जा रही है। परिजनों के अनुसार, दोपहर तक अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई है। गौरतलब है कि आसुराम नायक करीब एक सप्ताह पहले ही नगरपालिका की पहली बैठक में शामिल हुए थे। उनके अचानक चले जाने से वार्ड के लोगों में गहरा दुख है। स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। वहीं, विकास मंच के सुप्रीमो कन्हैयालाल झंवर ने भी पार्षद आसुराम नायक के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके असामयिक निधन को दुखद बताया। आसुराम नायक के निधन से नोखा के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।








