बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गोपेश्वर बस्ती निवासी महिला ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच उसकी बेटी लापता हो गई। महिला ने भानी जी की बाड़ी निवासी मनीष सोनी पुत्र भंवरलाल सोनी पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।घटना के बाद परिजनों ने युवती की अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद युवती की मां ने गंगाशहर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। गंगाशहर थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर युवती की तलाश में जुटी है।








